एटा: जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय में एक साथ चार छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ने से विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। छात्रों को बुखार और कमजोरी की शिकायत होने पर विद्यालय प्रशासन ने तत्काल उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 बजे चार छात्रों की अचानक तबीयत खराब होने लगी। स्थिति को देखते हुए विद्यालय स्टाफ ने बिना देर किए सभी छात्रों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
डॉक्टरों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में छात्रों में वायरल फीवर की आशंका जताई गई है। फिलहाल सभी छात्रों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की निगरानी में जारी है। उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
विद्यालय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। चिकित्सकों का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी, एटा
