गाजीपुर: बिजली चोरी पर रोक लगाने के लिए विद्युत विभाग ने नगर क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कई इलाकों में छापेमारी कर बिजली चोरी के मामलों का खुलासा किया गया। कार्रवाई के दौरान 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई, जबकि बिजली बिल बकाया होने पर 8 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए।
अभियान टाउनहाल और सराय गली क्षेत्र में अधिशाषी अभियंता और नायब तहसीलदार के नेतृत्व में चलाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
जांच के दौरान कई घरों और दुकानों में मीटर को बाईपास कर सीधे बिजली का उपयोग किए जाने के मामले सामने आए। विभाग ने ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत चोरी के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमे दर्ज कराए।
इसके अलावा लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले 8 बड़े बकायेदारों के बिजली कनेक्शन पोल से काट दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बकाया बिल जमा करने के बाद ही नियमानुसार कनेक्शन बहाल किया जाएगा।
विद्युत विभाग का कहना है कि बिजली चोरी से सरकार को भारी राजस्व नुकसान होता है। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: रिजवान अंसारी, गाजीपुर
