जौनपुर: शाहगंज थाना क्षेत्र के सहावै गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में कच्चे मकान की दीवार गिरने से मां और बेटी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे ज्ञानती देवी (40) और उनकी 12 वर्षीय बेटी अमरीका पुराने कच्चे मकान में बैठी थीं। तभी अचानक मकान की दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे दोनों मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को मलबे से बाहर निकालकर शाहगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में एक बकरी की भी मौत हो गई।
मृतका के पति बिंदु राजभर मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में चार बेटियां और दो बेटे हैं। मृतक बच्ची अमरीका गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाई करती थी।
ग्राम प्रधान तबरेज़ आलम ने बताया कि परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पिछले वर्ष नया मकान मिल चुका था और वे वहीं रहते थे। हालांकि, हादसे के समय मां-बेटी किसी कारणवश पुराने कच्चे मकान में बैठी हुई थीं, तभी यह दुखद घटना हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट: इम्तियाज नदवी, शाहगंज (जौनपुर)
