श्रावस्ती। जनपद श्रावस्ती के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के रमवापुर खास गांव में कथित जमीनी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोप है कि घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने दो व्यक्तियों पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि दूसरे का पैर टूटने का आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
