हापुड़। जनपद हापुड़ के ग्राम जखेड़ा रामपुर स्थित मदरसा इस्लामिया रहमतुल उलूम में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, देशभक्ति और गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन हाफिजी फरियाद के नेतृत्व में किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
समारोह की शुरुआत मदरसा परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हाफिजी फरियाद ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने बच्चों और युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे देश के इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और एक जिम्मेदार नागरिक बनें।
कार्यक्रम के समापन पर देश की शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारे की कामना की गई तथा सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया। समारोह में मदरसे के शिक्षक, छात्र, अभिभावक और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
