बलरामपुर। गैसड़ी थाना क्षेत्र में हुई रामसनेही की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी अकबर अली को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शामिल 14 वर्षीय एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्हें मृतक पर ढाबली में चोरी का प्रयास करने का शक था। इसी बात को लेकर गुस्से में उन्होंने रामसनेही के साथ डंडे से मारपीट की थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू की। गिरफ्तार आरोपी और बाल अपचारी को संबंधित न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
