एटा। एटा के पिलुआ थाना क्षेत्र के धनिगा गांव में देर रात एक मगरमच्छ तालाब से निकलकर एक घर में घुस गया। घर के अंदर मगरमच्छ को देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए और इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मगरमच्छ तालाब से निकलकर गांव में पहुंचा और इसके बाद एक मकान में घुस गया। परिवार की नजर जब उस पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मगरमच्छ के रेस्क्यू के लिए आगरा से वाइल्ड लाइफ टीम को भी बुलाया गया। टीम ने सुबह कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया और उसे घर से बाहर निकाल लिया।
मगरमच्छ के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि घटना के दौरान किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
गांव में मगरमच्छ के घर में घुसने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वन विभाग और वाइल्ड लाइफ टीम की तत्परता से रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
