अलीगढ़: अतरौली थाना क्षेत्र के सूरजपुर गांव में चकमार्ग पर बिजली का पोल गाड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे, धारदार हथियार चले और फायरिंग होने का भी आरोप है। घटना में करीब 7 से 8 लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि बिजली का पोल लगाने को लेकर विवाद के दौरान एक पक्ष के 20 से 25 लोग मौके पर पहुंच गए और हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया।
आरोप है कि अवधेश नामक व्यक्ति ने रामलखन को जान से मारने की नीयत से देसी तमंचे से फायरिंग भी की। घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें अवधेश, गंगा प्रसाद, लक्ष्मण समेत कई लोग घायल हो गए।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही अतरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फायरिंग और मारपीट के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
