जालौन/कालपी। कालपी नगर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मोहल्ला रामनगर-उदनपुरा (निकासा), वार्ड नंबर-5 का है, जहां 8 अगस्त की रात चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक कमल सिंह, पुत्र स्वर्गीय पश्चू, अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। उनके घर पर ताला लगा हुआ था। रविवार सुबह कमल सिंह के भाई गया प्रसाद की पत्नी सफाई के लिए घर पहुंचीं तो उन्होंने मुख्य दरवाजे के ताले टूटे देखे। इसकी सूचना तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को दी गई।
मौके पर पहुंचे गया प्रसाद ने देखा कि घर के तीन ताले टूटे हुए थे, बक्सा खुला पड़ा था और सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही टरननगंज चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र अपने हमराही अभिषेक के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
परिजनों ने फोन पर दिल्ली में रह रहे गृहस्वामी कमल सिंह से संपर्क किया। उनके अनुसार, घर में चार चांदी की बिछिया, एक सोने की अंगूठी, सोने की नाक की फूल (नथ) सहित अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। हालांकि, चोरी गए सामान की वास्तविक संख्या और कीमत पुलिस जांच तथा पीड़ित परिवार की पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
लगातार हो रही चोरियों से लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि कालपी नगर के अदलसराय, इंद्रानगर, रामगंज, हरिगंज और कांशीराम कॉलोनी समेत कई इलाकों में पहले भी चोरी और वाहन चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में उदनपुरा की नई वारदात के बाद नगरवासियों ने कानून-व्यवस्था और पुलिस गश्त को लेकर चिंता जताई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
