सीतापुर। जिले के हरगांव थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी का एक चिंताजनक मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कई छोटे बच्चे ई-रिक्शा की छत पर बैठकर सफर करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे उनकी जान जोखिम में पड़ती नजर आ रही है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो हैदरपुर पुल से हरगांव की ओर जाने वाले मार्ग का है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ई-रिक्शा चालक क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर वाहन चला रहा है, जबकि कई बच्चों को छत पर बैठाया गया है।
इस तरह का सफर सड़क दुर्घटना की स्थिति में बड़े हादसे का कारण बन सकता है। बावजूद इसके, चालक द्वारा सुरक्षा नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने प्रशासन से ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सवाल उठ रहे हैं कि यदि कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में पुलिस या परिवहन विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
