सीतापुर के तंबौर थाने में आयोजित थाना समाधान दिवस में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने लोगों की शिकायतें सुनीं। सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित मिलने पर जिलाधिकारी ने लेखपाल और कानूनगो को कड़ी फटकार लगाई।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का मौके पर जाकर तय समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शाम पांच बजे तक शिकायतों का समाधान नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान एक गांव में आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण स्थल में कथित बदलाव की शिकायत भी सामने आई। शिकायतकर्ता के सामने ही जिलाधिकारी ने बीडीओ से फोन पर जवाब-तलब किया और मामले में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाना समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक बसंतापुर गांव पहुंचे, जहां शारदा नदी के किनारे धंसे तटबंध का निरीक्षण किया। बताया गया कि करीब 6.61 करोड़ रुपये की लागत से बने तटबंध का लगभग 300 मीटर हिस्सा नदी में धंस गया है। डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और तटबंध को मजबूत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग समयबद्ध एवं निष्पक्ष तरीके से शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करें।
