सीतापुर। कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त कार्रवाई में अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने मौके से दो हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, ग्रास फार्म क्षेत्र की झाड़ियों में अवैध असलहा फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। छापेमारी के दौरान मौके से 315 बोर के तीन तमंचे, 12 बोर के चार तमंचे, एक अर्धनिर्मित तमंचा, पांच जिंदा कारतूस, पांच खोखा कारतूस तथा असलहा बनाने में प्रयुक्त उपकरण, भट्ठी और वर्मा मशीन बरामद की गई।
इसके अलावा पुलिस ने कूटरचित (फर्जी) नंबर प्लेट लगी एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
इस बड़ी कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक (SP) ने संयुक्त टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार देने की घोषणा की है।
