जालौन। कालपी कोतवाली क्षेत्र के जोल्हूपुर मोड़ के पास देर रात एक लावारिस हालत में खड़े 22 चक्का ट्रक के अंदर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, कानपुर से झांसी की ओर जा रहा ट्रक जोल्हूपुर मोड़ के पास काफी देर से खड़ा था। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विपिन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रक की जांच करने पर उसके अंदर एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, जबकि चालक मौके से गायब था।
मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजेश कमल और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करा दिया है।
मृतक की पहचान राम अयोध्या निषाद, पुत्र लालाराम निषाद, निवासी ग्राम परासनी, थाना लालपुरा, जनपद हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।
