मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र की आज़ाद नगर कॉलोनी में लगातार जलभराव और सीवर की समस्या से स्थानीय लोगों का जीवन बदहाल हो गया है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से वे इस परेशानी का सामना कर रहे हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नालियों में सीवर और शौचालय का गंदा पानी बैक होकर सड़कों पर फैल रहा है, जिससे पूरे इलाके में गंदगी और बदबू का माहौल बना हुआ है। जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।
कॉलोनी की महिलाओं का कहना है कि गंदे पानी की वजह से बच्चों में खुजली, त्वचा संक्रमण और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। उनका कहना है कि संक्रामक रोग फैलने की आशंका बनी हुई है।
निवासियों का आरोप है कि वे कई बार जिलाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। उनका यह भी कहना है कि चुनाव के दौरान क्षेत्र में आने वाले जनप्रतिनिधि भी अब उनकी समस्याओं की सुध नहीं ले रहे हैं।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नालियों और सीवर की तत्काल सफाई कराई जाए, जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए और सड़क का स्तर ऊंचा कर स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि लोगों को जलभराव और गंदगी से राहत मिल सके।
