Tragic Accident on Bhopal–Betul Highway, Car Breaks Railing and Falls into Canal, Three Dead
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के इटारसी में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पुराने भोपाल–बैतूल नेशनल हाईवे पर पथरोटा नहर पुल के पास एक कार रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान नहर से तीन शव बरामद किए गए। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
रात करीब 12 बजे मिली सूचना
इटारसी टाउन इंस्पेक्टर संजीव सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार पथरोटा नहर में गिर गई है। मौके पर पहुंची SDRF टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया और तीन शवों को बाहर निकाला।
1 से 1.5 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
SDRF प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया कि कार नहर में काफी गहराई तक डूब गई थी, जिस कारण बचाव अभियान में करीब 1 से 1.5 घंटे का समय लगा। उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंचने पर कार पूरी तरह पानी में डूबी हुई थी, हालांकि उसकी लाइटें दिखाई दे रही थीं।
ट्रैक्टर से बाहर निकाली गई कार
रेस्क्यू टीम ने ट्रैक्टर की मदद से नहर में गिरी कार को बाहर निकाला। इसके बाद कार से तीन शव बरामद किए गए। कार के अंदर मिले एक पहचान पत्र से मृतकों में से एक की पहचान लकी पटेल के रूप में हुई है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
SDRF अधिकारियों के मुताबिक हादसे की वजह स्टीयरिंग फेल होना या नशे की हालत में गाड़ी चलाना हो सकता है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान व घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
