एटा। लगातार हो रही बारिश के बाद कोतवाली देहात क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाबरपुर स्थित रेलवे अंडरपास में भारी जलभराव हो गया है। पानी भरने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है और स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हालात ऐसे हैं कि स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए पानी से भरे अंडरपास से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह अंडरपास उनके लिए मुख्य संपर्क मार्ग है, लेकिन हर बारिश के बाद यहां जलभराव हो जाता है। इसके कारण लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने और समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है, ताकि आम लोगों और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके।
