महोबा। खन्ना थाना क्षेत्र के ग्यौड़ी गांव में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात में 80 वर्षीय रामाधार अहिरवार की हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, रामाधार अहिरवार खुरपी ठीक कराने और चारपाई बनवाने के लिए गांव के एक लोहार के घर गए थे। आरोप है कि इसी दौरान लोहार के पुत्र हरिशंकर उर्फ ठोकिया ने अकारण फरसा और डंडे से उन पर हमला कर दिया।
बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कबरई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही खन्ना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी हरिशंकर उर्फ ठोकिया को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
