BJP’s Ritu Tawde to Become BMC Mayor,
नई दिल्ली। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव के बाद मेयर पद को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है। बीजेपी पार्षद रितु तावड़े मुंबई की नई मेयर होंगी, जबकि डिप्टी मेयर पद पर शिवसेना के संजय घाड़ी को चुना गया है।
बीजेपी ने मेयर पद के लिए रितु तावड़े को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने डिप्टी मेयर पद के लिए संजय घाड़ी के नाम की घोषणा की है। बीएमसी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव 11 फरवरी को होगा।
बीएमसी चुनाव परिणामों में बीजेपी ने 89 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि शिंदे गुट की शिवसेना को 29 सीटें मिली हैं। इस तरह गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। चुनाव नतीजों के बाद मेयर पद को लेकर जारी अटकलों पर अब विराम लग गया है।
बीजेपी नेता अमित सातम ने रितु तावड़े के नाम का ऐलान किया, जबकि शिवसेना नेता राहुल शेवाले ने संजय शंकर घाड़ी के नाम की घोषणा की। रितु तावड़े वार्ड नंबर 132 से पार्षद हैं, वहीं संजय घाड़ी वार्ड नंबर 5 से पार्षद चुने गए हैं।
शिवसेना सचिव संजय मोरे ने बताया कि संजय घाड़ी लगभग 15 महीनों तक डिप्टी मेयर के रूप में कार्य करेंगे। घाड़ी शिवसेना (UBT) के वरिष्ठ पूर्व पार्षदों में शामिल थे, जिन्होंने बाद में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थामा। शिवसेना डिप्टी मेयर पद का कार्यकाल बांटकर अपने चार पार्षदों को मौका देना चाहती है।
गौरतलब है कि बीएमसी के इतिहास में यह 40 वर्षों बाद पहला मौका होगा, जब बीजेपी का मेयर मुंबई की कमान संभालेगा। बीजेपी पार्षदों की अंतिम रणनीतिक बैठक में रितु तावड़े के नाम पर मुहर लगी थी।
