तेहरान। ईरान ने इजरायल के लिए कथित तौर पर जासूसी करने और संवेदनशील सैन्य जानकारी साझा करने के आरोप में सोमवार को दो लोगों को फांसी दे दी। ईरानी न्यायपालिका के अनुसार, दोनों को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गंभीर मामलों में दोषी ठहराया गया था।
ईरान की न्यायपालिका के आधिकारिक समाचार पोर्टल मिजान के मुताबिक, ओमिद बेहजाद और पौरिया सफवत पर आरोप था कि उन्होंने हालिया संघर्ष के दौरान इजरायल को सैन्य और सुरक्षा प्रतिष्ठानों के निर्देशांक (कोऑर्डिनेट्स), तस्वीरें और अन्य गोपनीय जानकारियां उपलब्ध कराई थीं।
रिपोर्ट के अनुसार, अदालत में सुनवाई के बाद दोनों को दोषी ठहराया गया और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी फांसी की सजा पर अमल किया गया।
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब ईरान और इजरायल के बीच तनाव लगातार बना हुआ है। हाल के महीनों में ईरान राष्ट्रीय सुरक्षा और जासूसी से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई कर रहा है।
इस बीच, अमेरिका और ईरान के संबंधों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में ईरान के साथ संभावित वार्ता का संकेत दिया था, लेकिन ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि फिलहाल अमेरिका के साथ किसी भी तरह की बातचीत नहीं हो रही है।
गौरतलब है कि ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव तथा क्षेत्रीय हालात को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।
