एथेंस। ग्रीस की राजधानी एथेंस के पास जंगल में लगी आग बुझाने के अभियान के दौरान दो हेलीकॉप्टर हवा में आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक हेलीकॉप्टर आग का गोला बनकर नीचे गिर गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य चालक दल के सदस्य घायल अवस्था में बचा लिए गए।
ग्रीस की फायर सर्विस के अनुसार, यह हादसा एथेंस के पश्चिमी क्षेत्र में उस समय हुआ, जब किराए पर लिए गए दो ‘बेल’ फायरफाइटिंग हेलीकॉप्टर आग पर काबू पाने के लिए पानी गिरा रहे थे।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक हेलीकॉप्टर आग पर पानी छोड़ रहा होता है। इसी दौरान दूसरा हेलीकॉप्टर अचानक उसके निचले हिस्से से टकरा जाता है। टक्कर के बाद एक हेलीकॉप्टर में आग लग जाती है और वह जमीन पर गिर जाता है।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में एक डेनमार्क के पायलट और एक ग्रीक क्रू सदस्य की मौत हो गई। वहीं दूसरे हेलीकॉप्टर ने आपातकालीन लैंडिंग की, जिससे उसमें सवार एक ब्रिटिश पायलट और एक ग्रीक क्रू सदस्य की जान बच गई। दोनों को मामूली चोटें आई हैं और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा ऐसे समय हुआ, जब एथेंस के पश्चिमी इलाकों में फैली भीषण जंगल की आग को आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंचने से रोकने के लिए सैकड़ों दमकलकर्मी और कई हवाई संसाधन लगातार अभियान चला रहे थे।
हादसे के बाद ग्रीस के फायर विभाग ने जांच पूरी होने तक संबंधित क्षेत्र में सभी बेल हेलीकॉप्टरों के संचालन पर अस्थायी रोक लगा दी है। अधिकारियों ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है ताकि टक्कर के कारणों का पता लगाया जा सके।
ग्रीस के प्रधानमंत्री ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और राहत एवं बचाव कार्य में जुटी टीमों के प्रयासों की सराहना की।
