वियना। ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में एक घर की मरम्मत के दौरान एक प्लंबर की किस्मत उस समय चमक गई, जब उसे बेसमेंट से सोने के सिक्कों से भरा एक पुराना संदूक मिला। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस खजाने की अनुमानित कीमत करीब 2.4 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 23 करोड़ रुपये) बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, प्लंबर एक विला के बेसमेंट में मरम्मत का काम कर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर कंक्रीट के फर्श से बाहर निकली एक पुरानी रस्सी पर पड़ी। जब उसने रस्सी को खींचने की कोशिश की और वह नहीं हिली, तो उसने आसपास का कंक्रीट तोड़कर देखा। इसके बाद जमीन के अंदर दबा एक जंग लगा धातु का संदूक मिला, जो सोने के सिक्कों से भरा हुआ था।
बताया जा रहा है कि संदूक में मिले सोने के सिक्कों का कुल वजन करीब 66 पाउंड (लगभग 30 किलोग्राम) है। कई सिक्कों पर प्रसिद्ध संगीतकार वोल्फगैंग अमाडियस मोजार्ट की तस्वीर अंकित है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ये सिक्के द्वितीय विश्व युद्ध से पहले के हो सकते हैं।
प्लंबर ने एक टीवी कार्यक्रम में नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि वह 15 वर्ष की उम्र से निर्माण कार्यों में काम कर रहा है। उसने कहा कि पहले कभी-कभी पुराने सिक्के मिले थे, लेकिन इतनी बड़ी खोज की उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ऑस्ट्रिया के कानून में यदि किसी जमीन से ऐतिहासिक या छिपा हुआ खजाना मिलता है, तो उसका अधिकार केवल जमीन के मालिक का नहीं होता। ऐसे मामलों में खजाना खोजने वाले और जमीन के मालिक के बीच संपत्ति का बंटवारा किया जा सकता है।
दिलचस्प बात यह भी सामने आई कि कुछ दिन पहले उसी निर्माण स्थल पर काम कर रहे एक अन्य कर्मचारी ने भी उस रस्सी को देखा था, लेकिन उसने उसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर दिया। बाद में उसी रस्सी ने प्लंबर को करोड़ों रुपये के खजाने तक पहुंचा दिया।
फिलहाल, संबंधित अधिकारियों द्वारा खजाने की ऐतिहासिक और कानूनी जांच की जा रही है। इसके बाद ही सिक्कों की वास्तविक कीमत और स्वामित्व को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
