टोक्यो: मंगलवार को जापान के दक्षिणी हिस्से में आए 7.1 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने व्यापक दहशत फैला दी। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि कई इलाकों में इमारतों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। इसके बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी कर दी।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र क्यूशू क्षेत्र के कुमामोटो प्रान्त में था। तेज झटकों के कारण दक्षिणी जापान के कई हिस्सों में लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप के केंद्र के आसपास कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। उकी शहर के फायर डिपार्टमेंट को कई स्थानों पर आग लगने की घटनाओं की सूचना मिली, जिसके बाद राहत और बचाव दलों को तुरंत मौके पर भेजा गया।
राष्ट्रीय प्रसारक NHK की रिपोर्ट के अनुसार, यात्सुशिरो शहर में क्यूशू एक्सप्रेसवे के एक हाईवे ओवरपास को नुकसान पहुंचा है, जबकि एक पुल का पैदल मार्ग भी ढह गया।
भूकंप के तुरंत बाद JMA ने तटीय इलाकों के लिए सुनामी अलर्ट जारी करते हुए समुद्र में लगभग एक मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई है। एजेंसी ने लोगों से समुद्र तटों और निचले तटीय क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाईची ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि मुख्य भूकंप के बाद समान तीव्रता के झटके आने की संभावना बनी हुई है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों के घायल होने की सूचना मिली है, हालांकि नुकसान का पूरा आकलन अभी जारी है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने दक्षिणी क्यूशू द्वीप के कई प्रान्तों में आपातकालीन भूकंप चेतावनी जारी की है। कुमामोटो, नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइटा और मियाजाकी सहित कई इलाकों में प्रशासन हाई अलर्ट पर है और लगातार हालात पर नजर रखे हुए है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।
