बहराइच। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए 8 जुलाई को एक ही दिन 63 लाख 12 हजार 600 पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
डीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि पौधों की उपलब्धता, उठान, रोपण और उनकी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि पौधरोपण के तुरंत बाद सभी पौधों की 100 प्रतिशत जियो-टैगिंग कराई जाए तथा जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वन महोत्सव जनआंदोलन का रूप ले चुका है।
ऐसे में सभी विभाग आमजन और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करें तथा अभियान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर प्रभागीय वनाधिकारी को रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।बैठक में डीएम ने सिंचाई विभाग को सरयू और टेढ़ी नदियों के पुनरोद्धार के लिए सर्वे कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
साथ ही मरीमाता मंदिर के पास सरयू नदी की सफाई, नालों पर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने, नदियों में प्लास्टिक के बहाव को रोकने, जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा कटान प्रभावित क्षेत्रों में विशेष रूप से बांस के पौधे लगाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, डीएफओ बहराइच, डीएफओ कतर्नियाघाट, मुख्य राजस्व अधिकारी डॉ. संजय कुमार, सभी संबंधित एसडीएम, खंड विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
