बहराइच। फखरपुर क्षेत्र के पट्टी कमालपुर गांव में सोमवार को एक शादी वाले घर में अचानक भीषण आग लगने से खुशियां मातम में बदल गईं।
गांव निवासी सहज राम चौहान के घर में अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। हादसे के समय उनकी दो बेटियों सरिता और सावित्री की शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं।
सरिता की बारात कोदही से तथा सावित्री की बारात धर्मापुर से आनी थी। आग की चपेट में शादी के लिए रखा कपड़ा, बर्तन, गहने समेत अधिकांश गृहस्थी का सामान जल गया।
पीड़ित परिवार द्वारा शादी के लिए जुटाए गए करीब ₹50 हजार नकद भी आग की भेंट चढ़ गए। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाने का प्रयास किया और जो सामान बच सकता था, उसे बाहर निकाला।
आग बुझाने और सामान निकालने के दौरान सर्वेश, पिंटू, गोपाल, रमजान, ननकू चौहान सहित कई ग्रामीण व रिश्तेदार झुलस गए। सभी को प्राथमिक उपचार कराया गया। हादसे के बाद शादी का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया, लेकिन ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने एकजुट होकर पीड़ित परिवार का सहयोग किया और शादी की रस्में किसी तरह संपन्न कराने की तैयारी शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बावजूद काफी देर तक कोई राजस्व अधिकारी या प्रशासनिक कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। उनका कहना है कि न लेखपाल पहुंचे और न ही तहसील प्रशासन का कोई अधिकारी मुआयना करने आया।
इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता और नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
