Women Protest Against Liquor Shops in Lalitpur, Vandalise Stores and Dump Bottles on Road
ललितपुर।उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में शराब की दुकानों के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश मंगलवार को सड़क पर फूट पड़ा। महरौनी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खितवांस में महिलाओं और ग्रामीणों ने देशी व अंग्रेजी शराब की दुकानों पर हंगामा करते हुए जमकर तोड़फोड़ की।
प्रदर्शनकारियों ने ललितपुर–महरौनी मुख्य मार्ग पर स्थित शराब दुकानों का ताला तोड़ दिया और अंदर रखी शराब की पेटियों को बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दिया। इस दौरान करीब 50 से अधिक पेटियों की बोतलें तोड़ी गईं, जिससे सड़क पर शराब बिखर गई।
ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि शराब की दुकानों से क्षेत्र में लगातार विवाद, घरेलू हिंसा और सामाजिक समस्याएं बढ़ रही थीं। उन्होंने इस संबंध में पहले भी कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंपे थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण उनका धैर्य जवाब दे गया।
घटना की सूचना मिलते ही महरौनी कोतवाली पुलिस और जिला मुख्यालय से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) महरौनी रक्षपाल सिंह ने बताया कि दुकानदार की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
