बहराइच, 4 जुलाई। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन सभागार में सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं तथा 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाले निर्माण कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में कुल 286 निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। इनमें 42 कार्य अभी शुरू नहीं हुए हैं, 24 निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा से बाहर चल रहे हैं, 71 कार्य समय सीमा के भीतर निर्माणाधीन हैं, 33 निर्माण कार्य पूर्ण होने के बावजूद विभागों को हस्तांतरित नहीं किए गए हैं, जबकि 116 परियोजनाएं पूर्ण होकर संबंधित विभागों को हस्तगत कराई जा चुकी हैं।
जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि वे अपनी परियोजनाओं की गहन समीक्षा करें और यदि किसी निर्माण कार्य में तकनीकी या प्रशासनिक बाधा आ रही है तो तत्काल अवगत कराएं, ताकि शासन स्तर पर समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समाधान कराया जा सके। उन्होंने समय सीमा से बाहर चल रही परियोजनाओं की पूर्णता तिथि बढ़ाने की आवश्यक कार्रवाई कर सीएमआईएस पोर्टल पर जानकारी अद्यतन करने के भी निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूरा करें, ताकि आमजन को विकास योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। बैठक में धीमी प्रगति वाली परियोजनाओं पर संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी घासीराम, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
