बहराइच, 4 जुलाई। वन महोत्सव सप्ताह के चौथे दिन नानपारा वन रेंज स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में वन विभाग द्वारा पौधरोपण, किसान एग्रो फॉरेस्ट्री जागरूकता अभियान और आम भंडारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक राम निवास वर्मा ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी सुंदरेश, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. संदीप सिंह, वन क्षेत्राधिकारी पीयूष गुप्ता, डिप्टी रेंजर अमित वर्मा समेत अन्य अधिकारियों और किसानों ने मिलकर 50 पौधे लगाए।
कार्यक्रम में 50 से अधिक किसानों को उत्तर प्रदेश सरकार की एग्रो फॉरेस्ट्री नीति के तहत ‘हर खेत में मेढ़, हर मेढ़ पर पेड़’ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही कार्बन क्रेडिट योजना के अंतर्गत पौधों के पंजीकरण और उससे होने वाले आर्थिक लाभ की जानकारी दी गई। ‘आम बहार आपके द्वार’ योजना के तहत किसानों को आम की उन्नत किस्मों के पौधे भी वितरित किए गए।
विधायक राम निवास वर्मा ने किसानों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से अधिक से अधिक पौधरोपण कर वृक्षारोपण महाअभियान को सफल बनाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
