उज्जैन: मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच उफनते नाले को पार करने की कोशिश एक पंचायत सहायक सचिव के लिए जानलेवा साबित हुई। तेज बहाव में बह गए सहायक सचिव का शव करीब 38 घंटे बाद चंबल नदी से बरामद किया गया। एसडीआरएफ, होमगार्ड और पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार दो दिन तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद शव को खोज निकाला।
जानकारी के अनुसार, इंगोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम गावड़ी निवासी सूर्यप्रताप सिंह राजपूत (35) पंचायत में सहायक सचिव के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार शाम कार्यालय का काम खत्म कर वे बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में उनका साथी उतर गया, जिसके बाद वे अकेले गावड़ी-लोढ़ा मार्ग स्थित छोटी खाल की पुलिया पर पहुंचे।
लगातार बारिश के कारण पुलिया के ऊपर तेज बहाव था। इसके बावजूद उन्होंने बाइक सहित पुलिया पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे तेज पानी के बहाव में बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही इंगोरिया पुलिस, एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीम मौके पर पहुंची। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के दौरान उनकी बाइक बरामद हो गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। अगले दिन भी तलाश अभियान जारी रहा।
तीसरे दिन होमगार्ड ने मोटर बोट की सहायता से चंबल नदी में सर्चिंग अभियान चलाया। करीब 38 घंटे की लगातार खोजबीन के बाद सहायक सचिव का शव नदी से बरामद किया गया।
होमगार्ड कमांडेंट संतोष जाट ने बताया कि लगातार बारिश और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। एसडीआरएफ, होमगार्ड और पुलिस की संयुक्त टीम के प्रयास से शव को बरामद कर आगे की कार्रवाई की गई।
