दतिया: मध्यप्रदेश की 22-दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव कार्यक्रम, सुरक्षा व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता और निर्वाचन संबंधी तैयारियों की जानकारी दी।
कलेक्टर ने बताया कि निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 6 जुलाई को अधिसूचना जारी होगी। 13 जुलाई नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि होगी, जबकि 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 16 जुलाई तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 30 जुलाई को मतदान होगा, 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे और 4 अगस्त को निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होगी।
उन्होंने बताया कि दतिया विधानसभा क्षेत्र में 291 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 105 शहरी और 186 ग्रामीण मतदान केंद्र शामिल हैं। सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, रैंप, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बरसात के मौसम को देखते हुए जलभराव और भवनों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक और महिला मतदाताओं के लिए भी आयोग के निर्देशानुसार विशेष सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
कलेक्टर ने कहा कि आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो चुकी है और उसके पालन के लिए सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए एफएसटी, एसएसटी, फ्लाइंग स्क्वॉड, चेक पोस्ट और सर्विलांस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। अवैध नकदी, शराब, हथियार और मतदाताओं को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक और फर्जी सामग्री पर भी नजर रखी जाएगी। मीडिया से अपील की गई कि निर्वाचन संबंधी समाचार प्रसारित करने से पहले अधिकृत स्रोतों से उसकी पुष्टि अवश्य करें।
जिला कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने कहा कि जिला प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
