लंदन: ब्रिटेन में उच्च शिक्षा के लिए गए 25 वर्षीय भारतीय छात्र एस. श्रीनाथ रेड्डी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह तेलंगाना के कामारेड्डी जिले के तालमडला गांव के निवासी थे और पिछले 14 महीनों से लंदन में रहकर पढ़ाई कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, श्रीनाथ रेड्डी लीसेस्टर स्थित डी मोंटफोर्ट यूनिवर्सिटी से मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे थे। बताया जा रहा है कि मौत से कुछ घंटे पहले वह एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुए थे। अगले दिन उनका शव कमरे में मिला।
रूममेट के अनुसार, श्रीनाथ ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि, उनके पिता मधुसूदन रेड्डी का कहना है कि मौत की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं और परिवार को घटना की पूरी जानकारी नहीं दी गई है।
परिजनों के मुताबिक, 22 जून की रात श्रीनाथ ने परिवार से सामान्य बातचीत की थी और किसी तरह की परेशानी का जिक्र नहीं किया था। ऐसे में परिवार ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए मामले की पूरी जानकारी मांगी है।
परिवार ने केंद्र और तेलंगाना सरकार से श्रीनाथ का शव भारत लाने में सहायता की अपील की है। वहीं, शव को स्वदेश लाने के लिए क्राउडफंडिंग अभियान भी शुरू किया गया है।
फिलहाल स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
