बहराइच जिले के बौंडी थाना क्षेत्र के बटौरा सरसठ गांव में जमीन के मालिकाना हक को लेकर विवाद सामने आया है। गांव निवासी कुरबान अंसारी ने आरोप लगाया है कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर विपक्षी पक्ष द्वारा जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है।
पीड़ित का कहना है कि इस जमीन से संबंधित मामला कमिश्नर कार्यालय में विचाराधीन है और उस पर स्टे आदेश भी लागू है। इसके बावजूद, आरोप है कि स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में जमीन पर अवैध निर्माण कराया गया। इतना ही नहीं, बिना पूरी जांच के मौके पर बने कच्चे मकान को गिरवा दिया गया और पेड़ भी कटवा दिए गए।
कुरबान अंसारी का दावा है कि संबंधित जमीन उनके नाम दर्ज है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
