बैतूल: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के बैतूल बाजार थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। मर्ग जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मेडापानी निवासी प्रदीप काकोडिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(एम) और 108 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने कथित रूप से विवाह का भरोसा देकर युवती के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई।
आरोप है कि जब युवती ने विवाह की बात कही तो आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया और उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया। पुलिस के अनुसार, चिकित्सकीय कारणों से गर्भपात संभव नहीं होने और कथित मानसिक प्रताड़ना के चलते युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बैतूल बाजार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
