दमोह। दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दंपत्ति की पेड़ गिरने से मौत हो गई। दोनों कुंडलपुर जैन तीर्थ से दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, तेजगढ़ थाना क्षेत्र के परासई पेट्रोल पंप के समीप सड़क किनारे खड़ा एक सूखा आम का पेड़ अचानक बाइक सवार दंपत्ति के ऊपर गिर गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल दमोह लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान आशीष जैन (55) पिता राजेंद्र जैन एवं उनकी पत्नी शोभा जैन (50), निवासी दीक्षितपुरा, जबलपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों कुंडलपुर जैन तीर्थ के दर्शन कर वापस लौट रहे थे।
जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर यशपाल सिंह ने दोनों को मृत घोषित करने के बाद शवों को सुरक्षित शवगृह में रखवा दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
