बैतूल। संत कबीर जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का बैतूल दौरा चर्चा का विषय रहा। निजी प्रवास के दौरान उन्होंने सेवा, संगठन और किसानों से जुड़ाव का संदेश दिया।
पटवारी ने सबसे पहले उड़दन स्थित संत रामपाल जी महाराज के सतलोक आश्रम में आयोजित महा समागम में पहुंचकर संत कबीरदास को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के जूठे बर्तन धोए, लंगर के लिए पुड़ियां तलीं, प्रसाद वितरण किया तथा सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई।
उन्होंने कहा कि संत कबीर का प्रेम, समानता और मानवता का संदेश आज भी समाज के लिए उतना ही प्रासंगिक है।
इसके बाद बैतूल पहुंचकर उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और जिला कांग्रेस कार्यालय के लिए प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण कर निर्माण संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भोपाल लौटते समय रास्ते में खेत में जुताई कर रहे एक किसान के पास रुककर उन्होंने स्वयं हल चलाया। इस दौरान उन्होंने किसान से खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की और परिवार से आत्मीय संवाद भी किया।
पटवारी का यह दौरा निजी प्रवास के रूप में रहा, लेकिन सेवा कार्यों, संगठनात्मक गतिविधियों और किसानों के बीच उनकी मौजूदगी दिनभर चर्चा का विषय बनी रही।
