बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत झल्लार ग्राम पंचायत से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में एक मृत गाय को ग्राम पंचायत के कचरा वाहन के पीछे रस्सी से बांधकर सड़क पर ले जाते हुए देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि गौ सेवक एवं स्थानीय युवक शिवा आर्य ने इस घटना का वीडियो और फोटो सामने लाया। इसके बाद ग्रामीणों और गौ सेवकों ने वाहन रुकवाकर विरोध दर्ज कराया। घटना के बाद पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय हिन्दू सेना ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे धार्मिक आस्था और मानवीय संवेदनाओं के विपरीत बताया है। संगठन ने दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
संगठन का कहना है कि मृत गौवंश का भी सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया जाना चाहिए तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी ग्राम पंचायतों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से आधिकारिक कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
