बुरहानपुर। बुरहानपुर जिला अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रेन हादसे में अपना पैर गंवा चुके एक युवक ने पिता से कहासुनी के बाद वार्ड की गैलरी से पाइप के सहारे ऑपरेशन थिएटर (ओटी) की खिड़की तक चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन, पुलिस और नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने युवक को समझाने का प्रयास किया और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस और फायर टीम ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया था।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, युवक की स्थिति फिलहाल सुरक्षित है। प्राथमिक उपचार और काउंसलिंग के बाद उसे एंबुलेंस के माध्यम से उसके घर भेज दिया गया।
पुलिस और अस्पताल प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक का अपने पिता से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया।
