दमोह। दमोह जिले के गैसाबाद थाना क्षेत्र के हिनोता कला गांव में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में कई घरों को निशाना बनाया। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात हुई इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने गांव के करीब चार से पांच घरों के ताले तोड़ने का प्रयास किया, जिनमें से दो घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
बताया जा रहा है कि चोरों ने अमित पटेल के घर की अलमारी तोड़कर उसमें रखे सामान और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। वहीं नरेश सेन के घर का ताला तोड़कर करीब 35 से 40 हजार रुपये नकद और सोने की बाली चोरी कर ली। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार कुल चोरी लगभग एक से सवा लाख रुपये की बताई जा रही है।
घटना के बाद पीड़ित परिवारों ने गैसाबाद थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सोमवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।
एक साथ कई घरों के ताले टूटने और दो घरों में चोरी होने की घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है। वहीं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों का पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
