चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हरियाणा-राजस्थान के बीच ऐतिहासिक यमुना जल परियोजना समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल का विशेष आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि वर्ष 1994 के समझौते के अनुसार जुलाई से अक्टूबर तक वर्षा के दौरान उपलब्ध अतिरिक्त जल राजस्थान को पेयजल आपूर्ति के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्षा के पानी को हरियाणा के हथनीकुंड बैराज से पाइपलाइन के माध्यम से राजस्थान तक पहुंचाया जाएगा, जिससे पेयजल की समस्या वाले क्षेत्रों को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे बुजुर्गों और सनातन संस्कृति की परंपरा रही है कि प्यासे को पानी उपलब्ध कराना सबसे बड़ा धर्म है। इसी भावना के साथ दोनों राज्यों ने सहयोग और समन्वय का यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह समझौता दोनों राज्यों के बीच जल प्रबंधन को मजबूत करेगा और राजस्थान के अनेक क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
