बैतूल। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पर्यटन विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से कुकरू, चिखलदरा, मुक्तागिरी और मेलघाट को जोड़ते हुए एकीकृत टूरिज्म सर्किट विकसित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में ईको टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए गाइड, होमस्टे, होटल प्रबंधन तथा एडवेंचर पर्यटन जैसे क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया और उनके द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘कुकरू नेचुरल’ ब्रांड के माध्यम से कॉफी, कोदो-कुटकी, शहद और आंवला जैसे उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का भी अनुश्रवण किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके, विधायक हेमंत खंडेलवाल, विधायक महेंद्र सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से कुकरू क्षेत्र में पर्यटन, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
