उमरिया। विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सटे गांवों में वन्यजीवों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। बाघों के बाद अब जंगली हाथियों की गतिविधियों ने भी ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा घटना मानपुर बफर परिक्षेत्र के गाटा गांव की है, जहां एक जंगली हाथी ने एक ग्रामीण के मकान पर हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जंगली हाथी गांव में घुसकर राजकुमार कुशवाहा के मकान तक पहुंच गया। हाथी ने मकान के एक हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया और घर के आसपास लगे केले तथा कटहल के पेड़ों को भी नुकसान पहुंचाया।
घटना के समय परिवार के पांच सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। मकान टूटने की आवाज सुनते ही सभी लोग दूसरे दरवाजे से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। ग्रामीणों के शोर मचाने पर हाथी वापस जंगल की ओर लौट गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का वन अमला मौके पर पहुंचा और हाथी की गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी। वन विभाग की टीम आसपास के क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और जंगली हाथी दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
घटना के बाद गाटा गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
