बहराइच: के नंदवल में ओवरलोड बालू ट्रकों के विरोध में ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। खराब सड़कों और धूल-गड्ढों से परेशान लोगों ने ट्रकों का आवागमन रोक दिया, जिससे घंटों जाम लगा रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि बालू खनन शुरू होने के बाद वजीरगंज से खदान तक की करीब 15 किलोमीटर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस, एआरटीओ, नायब तहसीलदार और कैसरगंज विधायक मौके पर पहुंचे। एआरटीओ ने कई ओवरलोड ट्रकों का चालान किया, जबकि अधिकारियों ने सड़क निर्माण और जांच का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक सड़क का निर्माण और ओवरलोड ट्रकों पर प्रभावी रोक नहीं लगेगी, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। फिलहाल प्रशासन के आश्वासन के बाद जाम समाप्त करा दिया गया।
