बहराइच। बहराइच जिले में एक बार फिर तेंदुए के हमले की घटना सामने आई है। इस बार रेस्क्यू अभियान के दौरान तेंदुए ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया, जिसमें एक वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, घटना रामगांव थाना क्षेत्र के हमीदपुर गांव की है। वन विभाग की टीम इलाके में तेंदुए को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान चला रही थी। इसी दौरान तेंदुए ने अचानक हमला कर वनकर्मी राहुल को घायल कर दिया।
हमले में घायल राहुल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद वन विभाग की टीम ने सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी यही तेंदुआ सात लोगों और एक महिला को घायल कर चुका है।
वन क्षेत्र अधिकारी मोहम्मद साकिब ने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। साथ ही ग्रामीणों से सतर्क रहने, अकेले खेतों या जंगल की ओर न जाने तथा तेंदुए की गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और तेंदुए को पकड़ने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। फिलहाल ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है और सभी की नजर वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है।
