शिवपुरी/खनियांधाना। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार और शिवपुरी पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के मार्गदर्शन में खनियांधाना थाना पुलिस ने बस स्टैंड परिसर में “ऑपरेशन सेफ क्लिक 2.0” के तहत साइबर जागरूकता अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क बनाना था।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने प्रचार वाहन, बैनर और जागरूकता पंपलेट के माध्यम से आमजन को डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी और यूपीआई फ्रॉड, फर्जी लोन ऐप, सोशल मीडिया धोखाधड़ी तथा अन्य साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक केदार सिंह यादव ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अनजान नंबर से प्राप्त लिंक, फोटो, वीडियो या एपीके (APK) फाइल को डाउनलोड न करें। उन्होंने कहा कि किसी भी ऑनलाइन गतिविधि से पहले “रुको, सोचो और फिर कार्रवाई करो” का नियम अपनाना साइबर ठगी से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है।
पुलिस ने नागरिकों को यह भी बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में बस यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। पुलिस ने लोगों से डिजिटल लेनदेन करते समय सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश पर भरोसा न करने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।
