अशोकनगर/चंदेरी। चंदेरी थाना पुलिस ने युवक की हत्या के मामले का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 21 जून को लल्लू रामपाल पुत्र देवेंद्रचंद पाल ने चंदेरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि गांव के चौकीदार ने उन्हें सूचना दी कि उनके भाई ब्रजभान पाल का शव एक खेत में पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही चंदेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच आगे बढ़ाई।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार पूछताछ, साक्ष्य संकलन और तकनीकी जांच के आधार पर मात्र 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद तीन व्यक्तियों ने मिलकर ब्रजभान पाल की बेरहमी से हत्या कर दी थी।
पुलिस ने हत्या में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है और हत्या के पीछे के सभी कारणों की पड़ताल की जा रही है।
इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है। वहीं क्षेत्र में भी चर्चा का विषय बना यह मामला अब पूरी तरह पुलिस जांच के दायरे में है।
