खनियांधाना। नगर में इन दिनों एक शासकीय शिक्षक का बच्चों को कोचिंग पढ़ाते हुए कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में भी हलचल मच गई है।
जानकारी के अनुसार, संबंधित शिक्षक शासकीय सांदीपनि विद्यालय में पदस्थ बताए जा रहे हैं। वायरल वीडियो में शिक्षक छात्रों को कोचिंग क्लास में पढ़ाते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर कुछ छात्रों ने बताया कि विद्यालय में प्रवेश के दौरान ही उन्हें कोचिंग से जुड़ने के लिए कहा जाता है। छात्रों के इन आरोपों के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
मामले को लेकर जब ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि शासकीय शिक्षकों द्वारा निजी कोचिंग संचालित करने या कोचिंग क्लास लेने का कोई प्रावधान नहीं है। यदि कोई शिक्षक नियमों का उल्लंघन करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बीईओ ने बताया कि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच के लिए एक समिति गठित की जाएगी। समिति की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
शिक्षा विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे शिक्षक वास्तव में शासकीय विद्यालय में पदस्थ हैं या नहीं तथा आरोपों में कितनी सच्चाई है।
फिलहाल मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और अभिभावक तथा छात्र भी जांच के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। विभाग ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।
