Residents Block Road Over Water Crisis, Protest Against Irregular Supply And Low Pressure
रांची। शहर के घनी आबादी वाले चर्च रोड, डॉ. फतेउल्लाह लेन और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल की अनियमित आपूर्ति एवं लो-प्रेशर की समस्या से परेशान लोगों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
दोपहर करीब एक बजे हाथों में बाल्टी और पानी के जार लेकर प्रदर्शनकारी अंजुमन इस्लामिया भवन के सामने मेन रोड पर पहुंच गए और सड़क को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण मेन रोड, चर्च रोड और डॉ. फतेउल्लाह लेन पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी रंजीत कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस के पहुंचते ही प्रदर्शनकारी अपनी समस्याओं को लेकर और अधिक मुखर हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार भी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों को बताया कि निचले इलाकों और संकरी गलियों में रहने वाले लोगों को कई दिनों से पर्याप्त पेयजल नहीं मिल रहा है। कम दबाव के कारण घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा, जिससे लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है। महिलाओं ने बताया कि पानी की समस्या के कारण घरेलू कार्यों के साथ-साथ पीने के पानी की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया है।
मौके पर पहुंचे विभागीय अधिकारियों और पुलिस प्रशासन ने लोगों को आश्वस्त किया कि जलापूर्ति व्यवस्था में चल रहे मरम्मत कार्य को जल्द पूरा कर नियमित एवं पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया।
सड़क से जाम हटने के बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ। फिलहाल स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
