Crocodile Attack Claims Life Of 12-Year-Old Boy In Lakhimpur Kheri, Fear Grips Area
लखीमपुर खीरी। जिले के धौरहरा क्षेत्र में घड़ियाल के हमले की एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। ईसानगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बेल्तुवा के मजरा भट्ठा पुरवा में घड़ियाल के हमले में एक मासूम बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 10 से 12 वर्षीय लालमन पाल पुत्र प्रताप पाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बालक किसी कार्य से जलाशय के पास गया था, तभी घड़ियाल ने उस पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के प्रयासों के बावजूद मासूम को नहीं बचाया जा सका और उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बावजूद वन विभाग और प्रशासन की ओर से पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मौके पर पहुंची पुलिस, ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बताया जा रहा है कि पुलिस के एक अधिकारी की टिप्पणी से नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि धौरहरा क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी बड़ी घटना है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। वहीं वन विभाग की टीम भी मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
लगातार हो रही घटनाओं के बाद अब क्षेत्र के लोग प्रशासन से स्थायी समाधान और सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
