Minor Assaulted In Village Land Dispute, Video Viral; Eight Booked
जौनपुर। जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र के सुम्बुलपुर गांव में ग्राम समाज की जमीन को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने 15 वर्षीय मदरसा छात्र को घर से बाहर खींचकर उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम समाज की जमीन पर कचरा फेंकने और कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते गुरुवार देर रात गांव के कुछ लोगों ने 15 वर्षीय नेहाल पुत्र वसीम को उसके घर से बाहर निकाला और उसके साथ मारपीट की।
वायरल वीडियो में कुछ लोग किशोर के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि छात्र को घसीटते हुए ले जाया गया और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। घटना के दौरान महिलाओं की मौजूदगी का भी दावा किया गया है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित के पिता वसीम ने खेतासराय थाने में तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मारपीट, आपराधिक धमकी, छीना-झपटी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व प्रधान सहित कुल आठ लोगों को हिरासत में लिया। बाद में सभी के खिलाफ शांति भंग की आशंका के तहत कार्रवाई करते हुए चालान किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जबकि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।
