Mathura Outpost In-Charge Arrested In Extortion Case, Reward Announced On Two Absconding Accused
मथुरा। मथुरा जिले में पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाले एक मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। थाना जैत क्षेत्र की छटीकरा चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक एवं चौकी इंचार्ज शशांक कौशिक को अवैध वसूली और रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, चौकी इंचार्ज शशांक कौशिक पर आरोप है कि उन्होंने अपने पूर्व तैनाती स्थल अलीगढ़ से दो आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों रोहताश उर्फ विशाल और छोटू सोलंकी को मथुरा बुलाकर अवैध वसूली का नेटवर्क तैयार किया था।
आरोप है कि यह गिरोह चारधाम मंदिर गेट के आसपास फूल-माला और अन्य सामान बेचने वाले छोटे दुकानदारों से प्रति माह 15 हजार रुपये तक की रंगदारी वसूलता था। इसके अलावा क्षेत्र में अवैध पार्किंग संचालन और लोगों को प्रताड़ित करने की शिकायतें भी सामने आई थीं।
स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों द्वारा की गई लिखित शिकायतों के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कराई। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर थाना जैत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शशांक कौशिक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में फरार चल रहे रोहताश उर्फ विशाल और छोटू सोलंकी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि विभाग में भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और आम जनता के उत्पीड़न को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
