Man Stabbed To Death In Alleged Revenge Killing Over Broken Marriage Alliance
लखीमपुर खीरी। लखीमपुर खीरी जिले के गोला थाना क्षेत्र में एक अधेड़ की चाकुओं से गोदकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गोला थाना क्षेत्र की अलीगंज चौकी के अंतर्गत सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ हालत में मिला। मृतक की पहचान सलीम उर्फ लल्लू के रूप में हुई है, जो पेशे से नाई थे। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
परिजनों का आरोप है कि मृतक ने अपनी बेटी का विवाह दानिश नामक युवक से तय किया था। बाद में यह जानकारी सामने आई कि युवक पहले से शादीशुदा है। इसके बाद सलीम ने अपनी बेटी का विवाह उससे करने से इंकार कर दिया था।
परिवार का आरोप है कि विवाह प्रस्ताव टूटने के बाद आरोपी रंजिश रखने लगा था। आरोप है कि बीती रात वह घर में घुसा और सलीम पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गोला पुलिस और क्षेत्राधिकारी महक शर्मा मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है।
